भूना। नगर पालिका के पुराने भवन में लगातार हो रही चोरियों का आखिरकार रविवार को खुलासा हो गया। अधिकारियों की ओर से चोरों को पकड़ने के लिए की गई निगरानी के दौरान तीन युवक चोरी करते हुए रंगे हाथों पकड़ में आ गए।
हालांकि दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए जबकि एक युवक को कर्मचारियों ने काबू कर पुलिस के हवाले कर दिया। मौके से रिकॉर्ड संबंधी दस्तावेजों, रजिस्टरों और कॉपियों से भरा एक थैला भी बरामद किया गया है।
नगर पालिका सचिव दीपक कुमार ने बताया कि पुराने कार्यालय भवन से पिछले काफी समय से सामान चोरी होने की शिकायतें मिल रही थीं। भवन में रखा कई प्रकार का कीमती सामान और महत्वपूर्ण सामग्री गायब हो चुकी थी। लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए कर्मचारियों को निगरानी के लिए लगाया गया था।
रविवार दोपहर कर्मचारियों ने तीन युवकों को कार्यालय में घुसकर चोरी करते हुए देख लिया। आरोपियों ने भवन के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया था और रिकॉर्ड से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर व अन्य सामग्री एक थैले में भर रखी थी।
कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें पकड़ने का प्रयास किया। इस दौरान दो युवक भागने में सफल रहे, जबकि एक आरोपी को मौके पर ही दबोच लिया गया। दीपक कुमार ने बताया कि कार्यालय में इससे पहले भी बड़ी चोरी की वारदात हो चुकी हैं जिनमें काफी सामान गायब हुआ था।
आशंका है कि चोरी किया गया कुछ सामान कबाड़ में भी बेचा गया हो सकता है। नगर पालिका की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी धर्मपाल सिंह गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रहे हैं तथा फरार साथियों की तलाश की जा रही है।