कुलां। साइबर ठग ने गांव मंघेड़ा निवासी जस्सा सिंह काे कनाडा निवासी रिश्तेदार बनकर कॉल किया और अकाउंट में 80 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद जब पीड़ित ने असल में कनाडा में रहने वाले रिश्तेदार के भाई से इस बारे में बात की तो पता चला कि वहां से कोई कॉल नहीं की गई थी। जस्सा सिंह ने अब फतेहाबाद साइबर पुलिस स्टेशन में इस धोखाधड़ी की शिकायत दी है।
जस्सा सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को उसके पास अनजान नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने स्वयं को कनाडा से उसके मामा का लड़का गुरमीत सिंह बताया और कहा कि उसने एक एजेंट को तत्काल पैसे देने हैं। ऐसे में फोन पर उसने पैसा जल्द डलवाने को कहा। साइबर ठग ने उसे कहा कि वो 15 दिन बाद इधर अपने घर आएगा तो उसके पैसे लौटा देगा। जस्सा सिंह ने अपने किसी परिचित के माध्यम से उसे ऑनलाइन 80 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। इसके बाद जस्सा ने कनाडा में रह रहे कुरुक्षेत्र के गांव सलेमपुर निवासी रिश्तेदार गुरमीत सिंह के भाई को कॉल की तो पता चला कि गुरमीत ने उससे कोई बातचीत नहीं की, न ही कोई पैसा मंगवाया। जस्सा सिंह ने खाते में पैसे डलवाने वाले ठग को कॉल कर वापस पैसों की मांग की तो पहले तो ठग आनाकानी करता रहा और उसके बाद उसका फोन बंद आ रहा है।
ऑनलाइन फ्रॉड होने पर तत्काल दें शिकायत
साइबर सेल के अधिकारियों के अनुसार आज भी ऐसे कई लोग हैं, जिन्हें यह ज्ञान नहीं है कि शिकायत कैसे और कहां करवानी है या कितने समय में करनी है। दरअसल साइबर ठगी का शिकार हुआ व्यक्ति शिकायत दर्ज कराने में जितना लेट करता है, साइबर सेल को ट्रैक करने में उतनी ही परेशानी होती है। यदि किसी के साथ कोई ऑनलाइन फ्रॉड होता है तो उसे तत्काल इसकी शिकायत करनी चाहिए। शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 1930 या डायल 112 पर मदद ली जा सकती है।