रतिया। शहर में 21 वर्षीय अमन मित्तल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अमन अपने परिवार का इकलौता लड़का था। वह वीरवार दोपहर को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल के पास अचेत अवस्था में मिला।
परिजन उसे नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मृतक के कपड़ों से इंजेक्शन और नशे के कैप्सूल बरामद हुए हैं।
मृतक के परिजनों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि जब तक नशे के आरोपियों को नहीं पकड़ा जाएगा, तब तक शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। हंगामे की सूचना मिलते ही उप पुलिस अधीक्षक संजय बिश्नोई मौके पर पहुंचे।
डीएसपी ने परिजनों को आश्वस्त किया कि लिखित शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और नशा बेचने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मृतक के चाचा सुनील मित्तल और पिता मुकेश मित्तल ने आरोप लगाया कि अमन लंबे समय से मेडिकल नशे का शिकार था। कई मेडिकल संचालक खुलेआम नशे के इंजेक्शन और कैप्सूल बेचते हैं। परिजन ने बताया कि पहले भी पुलिस अफसरों को नशे की बिक्री की रिकार्डिंग भेजी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिजनों ने शहर में टोहाना रोड, गोशाला के पास, हैप्पी मॉडल स्कूल के निकट, केनरा बैंक के पास, पुराना बस स्टैंड, फतेहाबाद रोड और नए बस स्टैंड वाली गली के आसपास कई मेडिकल दुकानों पर नशे की दवा खुलेआम बिकने का आरोप लगाया। वहीं शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
मृतक के चाचा की शिकायत पर की कार्रवाई
क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक अमन की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में शहर पुलिस ने मृतक के चाचा सुनील कुमार निवासी वार्ड नं. 4 की शिकायत पर 3 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करते हुए दो गिरफ्तार कर लिया है। शहर थाना प्रभारी रंजीत सिंह ने बताया कि युवक अमन की मौत के मामले में चाचा सुनील कुमार की शिकायत पर रॉयल मेडिकल संचालक, दीप मेडिकल हॉल के संचालक जल्लोपुर ढाणी निवासी रोहित कुमार व वार्ड 11 निवासी सुखपाल उर्फ बब्बू के खिलाफ प्राथमिक दर्ज की है। पुलिस ने कार्रवाई करते आरोपियों दीप मेडिकल हॉल के संचालक जल्लोपुर ढाणी निवासी रोहित कुमार व वार्ड 11 निवासी सुखपाल उर्फ बब्बू को गिरफ्तार भी कर लिया है। शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
रतिया में युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में विलाप करते परिजन। संवाद
रतिया में युवक की मौत के बाद अस्पताल परिसर में विलाप करते परिजन। संवाद