अपने बेटे की मौत पर विलाप करते परिजन। संवाद
टोहाना। गांव अमानी के रहने वाले 22 वर्षीय युवक की अपने ससुराल उचाना में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने का मामला सामने आया है। मृतक के परिजनों ने पत्नी रीना, सास, ससुर और दो साले विशाल और राहुल पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना पाकर पहुंची उचाना पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए सभी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का टोहाना के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के हवाले कर दिया गया।
मृतक के पिता नानक ने बताया कि उसके 22 वर्षीय बेटे गुरजीत का विवाह करीब डेढ़ साल पहले उचाना के गांव तारखा निवासी रीना के साथ हुआ था, शादी के बाद से उसके ससुराल पक्ष के लोग उसके बेटे को परेशान करते थे। पिता ने बताया कि उसके बेटे के घर करीब दो माह पूर्व जब बेटी का जन्म हुआ तो उसके ससुराल पक्ष के लोग आए थे। इस दौरान वे गुरजीत की पत्नी को भी अपने साथ ले गए थे।
शुक्रवार को गुरजीत की सास ने फोन करके उसको उचाना बुला लिया। शाम को हमें फोन करके सुचित किया कि गुरजीत ने जहरीला पदार्थ खा लिया है। जिसके बाद उसे गंभीर हालत में उचाना के अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गुरजीत को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक के पिता ने कहा ससुराल पक्ष के सभी पांच लोगों ने उसके बेटे को मरने के लिए मजबूर किया है उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जांच अधिकारी एएसआई कृष्ण कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर कार्रवाई करते हुए सभी पांचों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने की धाराओं में केस दर्ज किया है।