फतेहाबाद। शहर के ठाकर बस्ती निवासी युवक सेे कनाडा में स्टडी वीजा लगवाने के नाम पर करीब 27 लाख रुपये ठग लिए गए। युवक को कनाडा भेज दिया, लेकिन वहां पर कॉलेज में दाखिला नहीं दिलवाया गया। आरोप है कि कनाडा से आकर रुपये मांगे तो देने से मना कर दिया। मामले में शहर पुलिस ने ठाकर बस्ती निवासी साहिल की शिकायत पर पंजाब के कोटकपुरा निवासी इमिग्रेशन सेंटर संचालक डेविड अरोड़ा के खिलाफ गबन और धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में ठाकर बस्ती निवासी साहिल ने बताया कि उसे स्टडी करने के लिए कनाडा जाना था। इसको लेकर अपने रिश्तेदार निवासी कोटकपूरा से बातचीत की तो उसने पंजाब के कोटकपुरा में इमिग्रेशन सेंटर चालने वाले आरोपी डेविड अरोडा से मिलवाया। आरोपी ने कहा कि कनाडा में अच्छी यूनिवर्सिटी में एडमिशन लेने के लिए तुम्हें करीब 23 लाख खर्च करने होंगे, अच्छी युनिवर्सिटी में दाखिला हो जाएगा। आरोप है कि दिसंबर 2021 में बातचीत के बाद दस्तावेज और 90,000 रुपये 28 जनवरी 2022 को दे दिए गए।
आरोपी डेविड ने कनाडा में जीआईसी खाता खुलवाना के लिए 6.13 लाख रुपये मांगे जो कि दे दे दिए गए। इसके बाद यूनिवर्सिटी में फीस भरने के लिए 10 लाख रुपये मांगे, जो कि दे दिए गए। आरोप है कि पांच लाख रुपये वीजा की प्रक्रिया और अन्य खर्चे के लिए गए। आरोप है कि टिकट के लिए 1.35 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद 17 अगस्त 2023 को कनाडा पहुंच गया। आरोप है कि कनाडा में उसका यूनिवर्सिटी में दाखिला नहीं हुआ और इस दौरान भी पांच लाख रुपये ले लिए गए। दाखिला न होने पर वह 2 जनवरी 2024 को भारत आ गया। आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो डेविड ने देने से मना कर दिया। आरोपी ने कनाडा में स्टडी वीजा पर भेजने के नाम पर धोखाधड़ी करते हुए 27 लाख रुपये हड़प लिए। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।