रतिया। प्रशासन द्वारा वीरवार दोपहर बाद गांव घासवा में लांबा रोड स्थित 14 एकड़ पंचायती जमीन पर काफी वर्षों से एक परिवार द्वारा किए गए कब्जे को पुलिस बल की सहायता से छुड़वाकर पंचायत के सुपुर्द किया गया। मौके पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट एवं खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हनीश कुमार, डीएसपी संजय बिश्नोई, सदर थाना प्रभारी ओमप्रकाश, पटवारी पृथ्वी सिंह व मदन सिंह सहित काफी पुलिस बल तैनात रहा।
खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी हनीश कुमार ने बताया कि गांव घासवा में लांबा रोड पर मुख्तार सिंह ने अपने परिवार के साथ पंचायत की 14 एकड़ जमीन पर पिछले काफी वर्षों से कब्जा कर रखा था। इसमें उसने अपने तीनों भाइयों के मकान बना रखे थे और बाकी जगह पर फसल लगा रहे थे। फरवरी माह में हाईकोर्ट द्वारा उक्त कब्जे को हटाने के निर्देश दिए गए थे। इससे पूर्व निचली अदालतों ने भी पंचायत विभाग के हक में फैसला दिया था। इसके बाद कब्जाधारियों ने 2017 में हाईकोर्ट की शरण ली। जिस पर हाईकोर्ट ने पंचायत विभाग के हक में फैसला सुनाते हुए पंचायत को कब्जा दिलाने के आदेश दिए थे। इसके बाद कब्जाधारी को नोटिस देकर जमीन खाली करने को कहा गया था। मगर कब्जाधारियों ने जगह को खाली नहीं किया तो वीरवार को पुलिस बल और क्रेन की सहायता से मकान को तोड़ा गया। 14 एकड़ में खड़ी गेहूं की फसल को भी ट्रैक्टर चलाकर नष्ट किया गया। इसके बाद जमीन गांव की पंचायत को सुपुर्द कर दी गई है।