आग पर काबू पाते हुए दमकल कर्मचारी।
- फोटो : Fatehabad
रतिया। शहर के सिटी थाना के पास स्थित एक घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग जाने के कारण 40 वर्षीय टीटू सिंह नामक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई के बयानों पर इतेफाकिया कार्रवाई की है और पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिटी थाना के पास वार्ड नंबर 2 में मजदूरी का कार्य करने वाले रिंकू और टीटू नामक दो भाई रहते थे। पुलिस को दिए बयान में रिंकू ने कहा कि शुक्रवार सुबह वह घर से मजदूरी करने के लिए चला गया था। घर के एक कमरे में उसकी माता जरनैल कौर, पत्नी सोना और दूसरे में उसका अविवाहित भाई टीटू सिंह था। घर के जिस कमरे में टीटू सिंह था अचानक शॉर्ट सर्किट के कारण वहां आग लग गई और आग लगने के कारण धुआं निकल रहा था। घटना को देख मेरी माता और पत्नी ने पड़ोस के लोगों के साथ आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी और तुरंत मामले की सूचना दमकल विभाग व पुलिस वालों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व दमकल विभाग की गाड़ी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पा लिया। जब तक आग पर काबू पाया गया, टीटू सिंह पूरी तरह से जल गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एएसआई निर्मल सिंह ने बताया कि मृतक टीटू सिंह के भाई रिंकू ने पुलिस को दिए अपने बयानों में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। रिंकू के बयानों के आधार पर पुलिस ने इतेफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है व मामले की जांच शुरू कर दी है।