फतेहाबाद के मिनी बाई पास पर जारी सफेद पट्टी बनाने का काम। संवाद
फतेहाबाद। सर्दी के मौसम शुरूआत होते ही कोहरे से पहले लोक निर्माण विभाग ने जिले की प्रमुख सड़कों पर सफेद पट्टी और चिह्न बनाने का काम शुरू कर दिया है। वर्तमान में यह कार्य मिनी बाईपास पर जारी है। इससे चालकों को वाहन संचालन में आसानी होगी।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार अगले कुछ ही दिनों में जिले की सभी सड़कों पर सफेद पट्टी और अन्य कार्यों की कमी को पूरा किया जाएगा। सड़क सुरक्षा के लिए ये पट्टियां बेहद महत्वपूर्ण होती हैं, खासकर रात में और कोहरे के समय। सड़कों के किनारे बनी ये सफेद लाइन वाहन चालकों को उनकी लेन में रहने और विपरीत दिशा से आ रहे वाहनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने में मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।
वहीं लोक निर्माण विभाग के एसडीओ संदीप सचदेवा ने बताया कि विभाग का पट्टी बनाने का कार्य सर्दी का सीजन शुरू होने से पहले और कोहरा छाने से पहले सड़कों को सुरक्षित बनाना है। सफेद पट्टियां घने कोहरे के दौरान किसी मार्गदर्शक की तरह काम करती हैं, जो वाहन की हेडलाइट की रोशनी पड़ने पर चमकती हैं और चालक को सही दिशा का संकेत देती हैं।
जिले की उन सभी सड़कों पर सफेद पट्टी का काम पूरा किया जाएगा है जहां ये मिट चुकी हैं या बनी ही नहीं हैं। मिनी बाईपास पर काम पूरा होने के बाद, जल्द ही अन्य व्यस्त और दुर्घटना आशंकित मार्गों पर भी यह कार्य तेजी से किया जाएगा ताकि जिले के लोग सुरक्षित रूप से यात्रा कर सकें। लोक निर्माण विभाग की ओर से इस काम को निर्धारित समय सीमा में और गुणवत्ता के साथ पूरा कर लिया जाएगा।