फतेहाबाद। शहर के मुख्य बाजार में यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पाइप और जंजीर लगाने का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। नगर परिषद ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की है, लेकिन एजेंसी को काम अलॉट नहीं होने से बाजार में स्थायी व्यवस्था लागू नहीं हो सकी है।
अधिकारियों के अनुसार, इसी सप्ताह एजेंसी को टेंडर अलॉट कर काम शुरू करवाया जाएगा। मुख्य बाजार में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले ट्रैफिक कोण लगाए थे। इनसे बाजार में वाहनों की आवाजाही सीमित करने और पैदल राहगीरों के लिए रास्ता सुरक्षित रखने का प्रयास किया गया था।
समय बीतने के साथ कई ट्रैफिक कोण टूट गए और कुछ ट्रैफिक कोण, जबकि कुछ बाजार से गायब हो चुके हैं। ऐसे में यातायात नियंत्रण की व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बाजार में वाहनों की आवाजाही पहले की तरह अनियंत्रित नजर आने लगी है।
-
फव्वारा चौक से जवाहर चौक लगेंगे पोल व जंजीर
यातायात पुलिस की ओर से शहर के मुख्य बाजार में लगाए ट्रैफिक कोण लगाए गए थे। ट्रैफिक कोण के लगातार टूटने के बाद नगर परिषद के द्वारा अब ट्रैफिक कोणों की जगह पोल और जंजीर की स्थायी व्यवस्था के लिए टेंडर लगाया गया था। यातायात पुलिस की ओर से शहर के जिस भी स्थान पर ट्रैफिक कोण लगाए गए थे। उनकी जगह अब जंजीर लगाई जाएगी। जिससे बाजार में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित किया जा सके। अधिकारियों का मानना है कि स्थायी व्यवस्था बनने के बाद बार-बार ट्रैफिक कोण लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
एजेंसी को इस सप्ताह अलॉट होगा काम
नगर परिषद अधिकारियों के अनुसार टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है। एजेंसी का चयन कर लिया गया है। एजेंसी व नगर परिषद के बीच कुछ दस्तावेज की कमी बनी हुई है। एजेंसी से दस्तावेज मांगे गए हैं जैसे ही एजेंसी उन्हें दस्तावेज उपलब्ध करवा देगी उसके बाद उन्हें काम अलॉट कर दिया जाएगा। इसके बाद हंस मार्केट, थाना रोड, धर्मशाला रोड, जवाहर चौक आदि क्षेत्र में पोल और जंजीर लगाने का कार्य शुरू होगा।
काम के लिए एजेंसी का चयन कर लिया गया है। इस सप्ताह तक एजेंसी को काम अलॉट कर दिया जाएगा।
- सुमित चोपड़ा, एमई नगर परिषद फतेहाबाद।