हांसेवाला में पार्क के लिए प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
समैन। टोहाना उपमंडल के गांव हांसेवाला में महिलाओं ने गांव की फिरनी पर पार्क बनवाने की मांग के लिए वीरवार को प्रदर्शन किया। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि उनके गांव में जल्द पार्क नहीं बनाया गया तो वह बड़ा आंदोलन करने के लिए तैयार हैं।
महिला दर्शना देवी, सुनीता, कमलेश, पतासो, निहाली, शीला, पूनम, बतेरी, रीतू, सरोज, गुड्डी देवी, निर्मल, बाला और प्रियंका ने बताया कि उनके गांव की फिरनी और 2 कैनाल से अधिक पंचायती जमीन खाली पड़ी है। जमीन खाली होने के कारण महिलाएं कूड़ा और गोबर डालती हैं, जिससे आसपास के घरों में बदबू फैल रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले पांच सालों से इस जमीन पर पार्क बनवाने के प्रयास किए जा रहे हैं। महिलाओं ने बताया कि सुबह और शाम को व्यायाम और टहलने के लिए आसपास कोई सुरक्षित जगह नहीं है। पार्क बनने से पंचायती जमीन पर कब्जा भी समाप्त होगा और ग्रामीणों को स्थायी लाभ मिलेगा।