सीसीटीवी में कैद महिला चोर। स्त्रोत- सोशल मीडिया।
टोहाना। शहर के रेलवे रोड स्थित राधा रमन इंटरप्राइज से सोमवार अपराह्न करीब 3:30 बजे दो महिलाएं, दो बच्चों के साथ आईं और हजारों रुपये कीमत का सामान चुरा ले गई। चोरी की यह वारदात कैमरे में कैद हो गई। दुकान मालिक अनुराग गर्ग ने सामान चोरी की शिकायत पुलिस को दी है।
दुकान मालिक अनुराग गर्ग ने बताया कि दोनों महिलाएं सिर पर लगाई हुई टोपी से अपना चेहरा छुपाने का प्रयास भी करती हैं। एक महिला बच्चे के साथ सामने वाले काउंटर के पास खड़ी रहती और उसका बच्चा उससे ईयर वॉर्म चुराकर देता और महिला उसे अपनी शाल में छिपा लेती है। वहीं दूसरी महिला आगे से एक गर्म जैकेट चुरा लेती है।
दुकानदार के अनुसार कुछ समय बाद एक 14 से 15 साल की लड़की आती है जो एक अलग से इयर वॉर्म चुरा लेती है और उसे दुकान में रखे लिफाफे में डालती है। उसने बताया कि आरोपी करीब 2000 रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। वहीं दुकानदार की शिकायत पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी महिलाओं की तलाश की जा रही है।