दवा के ओवरडोज से हुई महिला की मौत के मामले में जांच करती पुलिस टीम।
- फोटो : Fatehabad
नशा रूपी राक्षस ने फतेहाबाद जिले से एक और बलि ले ली। नशे की ओवरडोज के चलते जिले में पहली बार एक महिला की मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पुरानी तहसील रोड निवासी प्रिया (30) के रूप में हुई है। मृतका तीन छोटे बच्चों की मां थी। मृतका का पति अनिल भी मर्डर के एक मामले में पिछले पांच साल से जेल में बंद है। सोमवार को प्रिया के शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। डीएसपी धर्मवीर पूनिया ने नशीली दवाइयों के सेवन से प्रिया की मौत की संभावना जताते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।
क्या है पूरा मामला : मिली जानकारी के अनुसार पुरानी तहसील रोड निवासी प्रिया का पति पिछले पांच साल से मर्डर के एक मामले में जेल में बंद है और प्रिया अपनी सास और तीन बच्चों के साथ मकान में रहती थी। जानकारों की मानें तो लगातार बढ़ती मानसिक परेशानी के चलते प्रिया दवाई लेने लग गई थी। बताया गया है कि रविवार सांय को भी उसने अचानक कई नशीली गोलियों का सेवन कर लिया, जिसके ओवरडोज के चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया लेकिन उसकी तबीयत में सुधार नहीं हुआ। सोमवार सुबह उपचार के दौरान प्रिया ने दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस अधिकारियों ने मृतका के परिजनों के बयान लिए और चिकित्सकों की टीम से पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। मृतका की मौत के बाद उसके तीन बच्चों के लिए अब महज उनकी दादी ही सहारा बनकर रह गई है क्योंकि उनके पिता पहले ही पांच साल से जेल में बंद हैं।
डीएसपी धर्मबीर पूनिया ने जानकारी देते हुए बताया कि मृतका के परिजनों ने बयान दर्ज करवाए हैं कि महिला का पति पिछले 5 साल से जेल में बंद है और पति के जेल में बंद होने के कारण महिला मानसिक रूप से काफी परेशान थी। मानसिक रूप से परेशान महिला ने नशीली दवाइयां निगल ली, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आने के बाद ही पता चल पाएगा कि महिला ने किस नशीली दवा या ड्रग्स का डोज लिया। इससे पहले स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाएगी। - धर्मबीर पूनिया, डीएसपी।