शहर के थाना रोड से गर्मी से बचाव के मुंह पर कपड़ा बांधकर गुजरतीं छात्रा। संवाद
फतेहाबाद। प्रथम ज्येष्ठ माह के पहले ही दिन गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। शनिवार सुबह से चली गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक बादलवाही रहने के आसार हैं।
शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान में भी 2 डिग्री बढ़ोतरी होने के साथ 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अचानक बढ़ी इस गर्मी ने स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियां भी बढ़ा दी हैं। नागरिक अस्पताल के छाती रोग विशेषज्ञ डाॅ. मनीष टुटेजा ने बताया कि इस मौसम में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए तरल पदार्थों के सेवन करें।
गर्मी के कारण शनिवार दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा छाया रहा। लू के थपेड़ों के कारण लोग घरों में ही रहे। शाम ढलने के बाद ही लोग जरूरी कार्यों के लिए बाहर निकले। हालांकि जिले में पिछले दो दिनों से मिली हल्की राहत के बाद शनिवार को फिर से तेज गर्मी रही।
::
3 से 5 मई के दौरान राज्य में आंशिक बादलवाही रहने तथा बीच-बीच में हवाएं चलने की उम्मीद है। इस दौरान राज्य में कहीं-कहीं बूंदाबांदी या हल्की बारिश की उम्मीद है। प्रदेश में मौसम के 5 मई तक परिवर्तनशील रहने के आसार हैं।
- डॉ. मदन खिचड, विभागाध्यक्ष, मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।