जाखन दादी क्षेत्र में घुसे तेंदुए की तलाश जारी है। क्षेत्र के लोग अभी भी सहमे हुए हैं। वन्य प्राणी विभाग की टीम ने पूरी रात दो पिंजरे लगाए गए जिसमें बकरे बांधे गए हैं ताकि तेंदुआ गंध सूंघकर शिकार करने आ जाए। तेंदुए को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया है।
रतिया के एसडीएम जगदीश चंद्र ने देर रात को भी पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों की टीम के साथ जाखन दादी क्षेत्र का निरीक्षण करते हुए क्षेत्र के लोगों को अपने घरों में रहने की सलाह दी। आम लोगों की सुरक्षा को लेकर मुनादी भी करवाई गई है। संदेह जताया जा रहा है कि उपरोक्त तेंदुआ जाखन दादी के दो युवकों पर हमला करने के पश्चात अन्य किसी स्थान पर चला गया है। एक दिन पहले ही तेंदुए की तलाश को लेकर प्रशासन ने ड्रोन कैमरे के माध्यम से सर्च अभियान भी चलाया था। वन्य प्राणी विभाग के इंस्पेक्टर रामेश्वर दास ने बताया कि पूरे क्षेत्र में निरीक्षण कर लिया गया है और कहीं भी तेंदुए के पांवों के नए निशान नहीं मिले हैं।