कुलां। मार्ग को चौड़ा करने के लिए सड़क पर खुदाई करती जेसीबी। संवाद
कुलां। लंबे इंतजार के बाद रतिया-टोहाना मार्ग के चौड़ीकरण और निर्माण कार्य की शुरुआत हो गई है। लगभग 46 करोड़ रुपये की लागत से 34 किलोमीटर लंबी इस सड़क की चौड़ाई सात मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर की जाएगी। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पहले से अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।
रतिया-टोहाना मार्ग क्षेत्र की प्रमुख संपर्क सड़कों में शामिल है। यह सड़क दोनों शहरों के साथ आसपास के अनेक गांवों को भी जोड़ती है। अभी सड़क संकरी होने से वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी और कई स्थानों पर जाम जैसी स्थिति बन जाती थी। चौड़ी सड़क बनने के बाद इन समस्याओं में काफी कमी आने की संभावना है।
इस परियोजना से प्रतिदिन रतिया और टोहाना के बीच सफर करने वाले हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों का आवागमन अधिक सुविधाजनक होगा तथा यात्रा में लगने वाला समय भी घटेगा। साथ ही भारी वाहनों की आवाजाही भी अधिक सुचारु हो सकेगी जिससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।