टोहाना से बलियाला रोड पर बने बडे खड्डे। संवाद
टोहाना। गांव कमालवाला होते हुए नरवाना जाने वाली सड़क पर गड्ढों से वाहन चालक परेशान हैं। गुरुद्वारा परिसर से महालक्ष्मी शैलर तक सड़क की हालत ज्यादा खराब है। लोक निर्माण विभाग ने सड़क के नवीनीकरण और मजबूतीकरण के लिए 28 करोड़ रुपये का एस्टीमेट तैयार कर मंजूरी ले ली है।
सड़क पर गड्ढों के कारण वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। रात के समय गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसों का खतरा बना रहता है। इस मार्ग से रोजाना सैकड़ों बसें, डंपर, ट्रक, कारें और अन्य वाहन गुजरते हैं। सड़क पर चार शैलर भी हैं।
इनके वाहनों की आवाजाही के कारण मार्ग का इस्तेमाल लगातार होता है। लोगों ने सड़क की मरम्मत करवाकर समस्या का समाधान करने की मांग की है। विभाग की ओर से गड्ढे भरने का काम भी किया जा रहा है लेकिन सड़क की हालत में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। गुरुद्वारा परिसर से महालक्ष्मी शैलर तक कई जगह सड़क से ज्यादा गड्ढे नजर आते हैं। इससे वाहन चालकों को संभलकर चलना पड़ता है। संवाद
-
एक माह में पूरा होगा निर्माण
एसडीओ विजय शर्मा ने बताया कि इस प्रोजेक्ट के तहत सड़क की चौड़ाई को बढ़ाकर लगभग 33 फीट किया जाएगा जिससे भविष्य में आवागमन पूरी तरह सुगम हो सके। उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद एक महीने के भीतर सड़क निर्माण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्रवासियों को गड्ढों भरी खस्ताहाल सड़क से स्थायी रूप से निजात मिल जाएगी और सफर सुरक्षित व सुगम बन सकेगा।