सरकार द्वारा लागू की गई जनकल्याणकारी योजनाओं व सेवाओं का लाभ ऑनलाइन माध्यम से नागरिकों को दिया जा रहा है। जिले में ज्यादा से ज्यादा नागरिकों को योजनाओं व सेवाओं का लाभ दिलवाने के लिए संबंधित अधिकारी सरकार की गाइडलाइन अनुसार निशुल्क वाईफाई सुविधा गांवों तक मुहैया करवाएं। ये निर्देश डीसी डॉ. नरहरि सिंह बांगड़ ने विभिन्न पोर्टल पर प्राप्त शिकायत व उनका निवारण, ई-टिकट, ई-लर्निंग, घर से पढ़ाओ साप्ताहिक क्विज इत्यादि विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों को दिए।
डीसी ने कहा कि अधिकारी सरकारी स्कूलों वाईफाई सुविधा उपलब्ध करवाने को वरीयता दें ताकि विद्यार्थी गुणवत्ता पूर्वक और बेहतर ढंग से शिक्षा ग्रहण कर सकें। इसके लिए संबंधित स्कूल के प्राचार्य द्वारा इस सुविधा का लाभ लेने के लिए आवेदन करना होगा। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा विभाग व नेशनल इंफोर्मेटिक्स सेंटर (एनआईसी) इस कार्य के लिए देरी न करें।
डीसी ने कहा कि नागरिकों को लघु सचिंवालय, ई-दिशा केंद्र/सरल केंद्र, सीएमजी राजकीय महिला महाविद्यालय भोड़िया खेड़ा तथा बस अड्डा फतेहाबाद में फ्री वाईफाई सुविधा उपलब्ध करवाई है। इसके अलावा रतिया व टोहाना के सरल केंद्रों में भी यह सुविधा नागरिकों को उपलब्ध करवाई गई है। संबंधित अधिकारी इस सुविधा को जिले के गांवों की चौपालों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने कहा कि योजना अनुसार जिला के 218 गांवों में बीएसएनएल द्वारा फ्री वाईफाई सुविधा उपलब्ध करवाई जानी है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के साथ-साथ ग्रामीण आंचल में बसने वाले नागरिक भी गांवों की चौपालों में फ्री वाईफाई सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। इस अवसर पर नगराधीश अनुभव मेहता, सीएमजीजीए ज्योति यादव, डीआईओ सिकंदर, डीईओ दयानंद सिहाग, डीईईओ देवेंद्र कुंडु सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।