फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Fatehabad News: सड़कों से सफेद पट्टी गायब, संकेतक पेड़ के पीछे, कोहरे में कैसे रुकेंगे हादसे

Thu, 14 Nov 2024 01:12 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, फतेहाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फतेहाबाद। ठंड की दस्तक के साथ ही जिले में कोहरा भी छाने लगा है। पिछले दो दिन से जिले में सुबह से लेकर शाम तक कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। दूसरी तरफ कोहरे में होने वाले हादसों को रोकने के लिए प्रशासन की तैयारियां अभी तक पूरी नहीं हैं।
विज्ञापन

जिला मुख्यालय से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे नंबर 9 पर वाहन चालकों और आमजन की जान बचाने में सहयोगी कई नियमों की अनदेखी हो रही है। कोहरे में वाहन चालक के लिए हाईवे पर जरूरी सफेद पट्टी गायब हैं। इसके अलावा जानकारी देने वाले सांकेतिक चिह्न गायब हो चुके हैं। कुछ चिह्न के बोर्ड तो बड़ी-बड़ी झाड़ियों में छुप गए हैं।
अधिकारियों की मनमानी का आलम ऐसा है कि उपायुक्त मनदीप कौर के आदेश भी नहीं माने जा रहे हैं। उपायुक्त ने पिछले दिनों हुई सड़क सुरक्षा संबंधी बैठक में एनएचआईए के अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हाईवे के अवैध कट बंद करने और हाईवे पर लगी लाइट तीन दिन में ठीक करने के आदेश दिए थे। मगर न ही अवैध कट बंद हुए हैं और न ही लाइट जल पाईं। संवाद
विज्ञापन


प्रशासन सड़कों पर नहीं बनवा सका सफेद पट्टी
कोहरे के कारण सुबह और शाम के समय दृश्यता बेहद कम होने लगी है। ऐसे में रोड पर बनी सफेद पट्टी चालकों के लिए वाहन संचालन में सहायता करती है। नेशनल हाईवे सहित जिले की अधिकतर सड़कों से सफेद पट्टी गायब है। प्रशासन की तरफ से मार्गों पर सफेद पट्टी लगाने का कार्य तक शुरू नहीं किया गया है। कई सड़कों पर तो सफेद पट्टी तक धुंधली हो चुकी हैं। ऐसी हालात में धुंध के सीजन में सड़क हादसे होने की आशंका रहती है।

बाढ़ के दौरान बनाए गए कट नहीं किए गए बंद
जिले में जुलाई 2023 में आई बाढ़ के दौरान प्रशासन द्वारा गांव माजरा की ओर जाने वाली सड़क के सामने से हाईवे पर डिवाइडर को तोड़कर कट बनाए गए थे। इनको अब सवा साल से भी ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इनको बंद नहीं किया गया है। ऐसे में वाहन चालक द्वारा हाईवे को पार करते समय हादसा होने का डर रहता है। रतिया ओवरब्रिज के पास रेहड़ी लगाने वाले संचालकों और दुकानदारों की माने तो पिछले करीब एक साल से यहां की लाइट खराब पड़ी हैं, जिनको अभी तक ठीक नहीं किया गया है। शाम होते ही यहां अंधेरा छाने लग जाता है। इससे यहां पर लूटपाट की वारदात भी बढ़ रही हैं।

:: नेशनल हाईवे पर अवैध कट कई बार बंद किया गया है। उसके बाद भी बार-बार लोगों द्वारा इन कटों को खेल दिया जाता है। अब इन कटों को लोहे की ग्रिल लगाकर स्थायी तौर पर बंद किया जाएगा। हाईवे पर वीरवार से सफेद पट्टियां बनाने का काम शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

-सुभाष भांभू, मुख्य अभियंता, एनएचआईए।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें