नेशनल हाइवे पर अब यदि किसी ने वाहन खड़ा किया तो उसका तुरंत चालान हो जाएगा, वहीं दुकानदार भी अब बाहर सामान रखकर अतिक्रमण नहीं कर सकेंगे।
इसके लिए यातायात पुलिस ने हुडा सेक्टर से नए बस स्टैंड तक चेतावनी बोर्ड लगाने का काम शुरू कर दिया है। इसके बाद बैंकों कर्मियों की मुसीबत बढ़ गई है और उन्हें अब अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए नई जगह चुननी होगी। क्योंकि पार्किंग का काम अभी अधर में है।
नेशनल हाइवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी होने के कारण जाम लगा रहता है। आनेजाने वालों को काफी दिक्कतें होती हैं। हाइवे पर खड़े ज्यादातर वाहन बैंक कर्मियों के होते हैं। क्योंकि नैशनल हाइवे पर एक दर्जन से भी अधिक बैंकों की शाखाएं हैं। ऐसे में बैंकों के कर्मचारियों सहित उपभोक्ता भी लेन-देने के लिए आते हैं और अपने वाहनों को आड़े -तिरछे खड़े करके चले जाते हैं। जिसके बाद सुबह से दोपहर बाद तक हाइवे पर जाम रहता है।
यातायात पुलिस ने बैंकों के बाहर बोर्ड लगाकर सख्त हिदायत दी है कि यह स्थान पार्किंग के लिए निषेध है और यहां पर वाहन खड़ा न करें। वाहन खड़ा हुआ पाया जाने पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की जाएगी और चालान काटा जाएगा। वहीं दुकानदारों को भी सख्त हिदायत दी है कि दुकानों के बाहर सामान न रखें। ट्रैफिक पुलिस ने चेतावनी बोर्ड लगाकर हिदायत दे दी है कि नैशनल हाइवे पर वाहन खड़ा न करें। लेकिन पार्किंग के लिए कोई जगह चिह्नित नहीं की है। ऐसे में लोग भी असमंजस में हैं कि वह अपने वाहनों को कहां खड़े करें।
क्या कहते हैं अधिकारी:
यातायात अधिकारी बहादुर सिंह ने बताया कि हाइवे पर कोई भी वाहन खड़ा करेगा तो उसका चालान काट दिया जाएगा। इसको लेकर चेतावनी बोर्ड लगा दिए गए हैं। फिलहाल पीली पट्टी से बाहर खड़े वाहनों के चालान कटेंगे। जब पार्किंग बन जाएगी, उसके बाद हाइवे पर कोई भी वाहन नहीं खड़ा होने दिया जाएगा।