फतेहाबाद में मतदान केंद्र के बाहर वाहनों की चेकिंग करते हुए पुलिसकर्मी
फतेहाबाद। लोकसभा चुनाव को लेकर तीन विधानसभाओं के मतदान की गणना फतेहाबाद के भोड़ियाखेड़ा राजकीय महिला महाविद्यालय में हुई। मतगणना को लेकर अलग-अलग उम्मीदवारों के बने एजेंट सुबह 7 बजे ही पहुंचने शुरू हो गए। पुलिस जांच के बाद ही इन्हें केंद्र के अंदर जाने की अनुमति मिली। लेकिन केंद्र के बाहर कार्यकताओं में जोश नहीं दिखा। मतगणना के अंत तक केंद्र के बाहर या आसपास तक कार्यकर्ता नहीं दिखे। इसके पीछे कारण यहां पर लोकसभा चुनाव के उम्मीदवार नहीं पहुंचे और दूसरा कारण ये भी रहा कि पुलिस की सख्ती रही।
इसके अलावा बीजेपी और कांग्रेस दोनों ही यहां से जीत का दावा कर रहे थे। लेकिन जब रुझान आने शुरू हुए तो स्थिति स्पष्ट होती गई। कांग्रेस के कार्यकर्ता भी यहां जुटने की जगह पार्टी कार्यालय में इकट्ठे हुए और वहां ही मिठाई बांटकर जश्न बनाया। केंद्र के पास कार्यकर्ता न जुटने से पुलिस प्रशासन ने भी राहत की सांस ली।
कांग्रेस नेता को नहीं मिली गाड़ी ले जाने की अनुमति
भोड़ियाखेड़ा रोड पर ही कॉलेज की तरफ जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने सख्ती रखी। इसके चलते गाड़ियों को केंद्र की तरफ नहीं ले जाने दिया गया। सुबह करीब 10 बजे जब कांग्रेस नेता डॉ.वीरेंद्र सिवाच पहुंचे तो पुलिसकर्मियों ने गाड़ी नहीं ले जाने दी। इसको लेकर करीब पांच मिनट तक बहस भी होती रही। आखिर में डॉ.सिवाच को गाड़ी से उतरकर जाना पड़ा।