फतेहाबाद में यातायात नियम को लेकर जागरूक करता हुआ युवक स्त्रोत पुलिस विभाग
फतेहाबाद। यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई के बाद अब लोग स्वयं आगे आकर समाज को जागरूक कर रहे है। मॉडिफाइड साइलेंसर लगी बुलेट बाइक के चालक अनिल कुमार निवासी बोदीवाली का 11 हजार रुपये का चालान कट गया। इससे सबक लेकर चालक अनिल कुमार ने चालान राशि जमा करवाकर तथा बाइक से मॉडिफाइड साइलेंसर उतरवाकर वाहन को रिलीज करवाया।
कार्रवाई के बाद चालक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए एक वीडियो संदेश जारी किया जिसमें उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर न लगवाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे मॉडिफिकेशन केवल दिखावे के लिए होते हैं लेकिन इससे ध्वनि प्रदूषण फैलता है। इससे आमजन को परेशानी होती है तथा भारी चालान और कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है।
यातायात थाना प्रभारी जय सिंह ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल चालान करना नहीं बल्कि लोगों को जागरूक कर सुरक्षित और अनुशासित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है और किसी भी प्रकार का अवैध वाहन मॉडिफिकेशन कानूनन अपराध है।