फतेहाबाद। जिले में गेहूं की कटाई का काम पूरा हो चुका है। लेकिन गेहूं की कटाई के दौरान कुछ किसानों ने फसल में नमी की मात्रा ज्यादा होने के कारण फसल को लेकर मंडी नहीं आए। ऐसे में अब भी मंडी में गेहूं की आवक जारी है। वहीं उठान धीमी होने के कारण मंडियां गेहूं की फसल से अटी हुई है। इससे किसानों को उनकी फसल का भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे किसान आढ़तियों की दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
जिले में इस बार गेहूं की उठान धीमी रही है। इससे किसानों को उनकी राशि का भुगतान नहीं हो सका है। वहीं इसको लेकर आढ़तियों ने बताया कि वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन का भुगतान धीमा है। इसके चलते खरीद शुरू होने के समय भरे गए गेहूं के बैगों का भी अभी तक उठान नहीं हो सका है। इससे गेहूं के बैगों का वजन कम हुआ है, जिसका नुकसान भी आढ़तियों से वसूला जाएगा।
बता दें कि जिले में अभी तक गेहूं की कुल आवक 57,30,590 क्विंटल हुई है, जिसमें से कुल खरीद 51,49,524 क्विंटल हुई है और उठान 31,37,854 क्विंटल का हुआ है। इसके बावजूद अब जिले में गेहूं का कुल उठान 3,36,097 क्विंटल बाकी है, जिससे अनाज मंडी व खरीद केंद्र गेहूं की फसल से अटे हुए हैं। हालांकि रविवार को अनाज मंडियों व खरीद केंद्रों पर गेहूं की खरीद बंद रही है। लेकिन उठान जारी रहा है। इससे रविवार को जिले की अनाज मंडियों में कुल 2,30,228 क्विंटल उठान हुई है। इसके साथ ही जिले के 34,168 किसानों का 7 करोड़ 30 लाख का भुगतान हुआ है। इसके बाद करीब 10 हजार किसानों को उनका भुगतान होने का इंतजार है।
:: उठान में तेजी लाने के लिए गाड़ियों की संख्या बढ़ाई गई है। वहीं किसानों को उनकी फसल का भुगतान भी साथ ही साथ किया जा रहा है। ऐसे में उम्मीद है कि इस सप्ताह के अंत तक अनाज मंडियों से खरीदी गई फसल का उठान हो जाएगा।
-सुमित कुमार, डीएम वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन फतेहाबाद।