फतेहाबाद। रबी सीजन की फसलों की कटाई का कार्य जारी है। दूसरी तरफ जिले की विभिन्न मंडियों में गेहूं और सरसों की आवक में तेजी आई है। हालांकि शुरुआत में गेहूं की फसल में नमी की मात्रा मानक से अधिक मिलने के कारण किसान अपनी फसल को नहीं बेच पा रहे हैं। वहीं सरसों के भाव एमएसपी से अधिक होने के कारण सरकारी खरीद नहीं हो सकी हैं। किसान निजी खरीदारों को सरसों बेच रहे हैं।
मार्किट कमेटी और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के नियमों के अनुसार निर्धारित मापदंडों से अधिक नमी होने पर फसल की खरीद संभव नहीं है। ऐसे में किसान अपनी फसल अनाज मंडी में बिछाकर उसके सूखने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से नमी की मात्रा 12 फीसदी तय की गई जबकि उनकी फसल में 12.4 तक नमी है। अगर फसल की सफाई की जाती है तो फसल में नमी की मात्रा कम होगी।
गेहूं बेचने के लिए जारी हुए 79 गेट पास
जिले की मंडियों में शनिवार को गेहूं की आवक में तेजी देखी गई। इससे अब तक कुल 79 गेट पास जारी किए जा चुके हैं जिसमें में से शनिवार को ही 50 नए गेट पास जारी किए गए हैं। जिले में अब तक कुल 5046 क्विंटल गेहूं की आवक हो चुकी हैं। शनिवार को एक ही दिन में 3118 क्विंटल गेहूं मंडी पहुंची।
सरसों का एमएसपी से ज्यादा है बाजार में भाव
सरसों की फसल की अनाज मंडियों में आवक जारी है लेकिन सरकारी खरीद नहीं हो रही है। इसका मुख्य कारण यह है कि अनाज मंडी में सरसों का भाव एमएसपी 6200 रुपये तक किया गया है। जबकि निजी व्यापारी 6800 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीद रहे हैं। ऐसे में किसान सरकारी एजेंसी को फसल बेचने के बजाय निजी आढ़तियों को फसल बेच रहे हैं।
जिले की अनाज मंडियों आवक की स्थिति
मंडी- आवक
फतेहाबाद-546
भट्टू-1506
रतिया-00
टोहाना-612
भूना-2332
धारसूल-00
धारसूल-00
दो एकड़ की गेहूं की फसल की कटाई कंबाइन से शनिवार सुबह ही करवाई थी। मंडी में फसल लेकर पहुंचा हूं। फसल में नमी की मात्रा 14 फीसदी तक है ऐसे में खरीद प्रक्रिया नहीं हो पाई है। मुझे फसल सूखने तक मंडी में ही रुकना पड़ेगा।
-संजनराम, किसान।
शुक्रवार रात को ही गेहूं की फसल की कटाई करवाई है। फसल में नमी की मात्रा 12.4 है जबकि सरकार ने 12 फीसदी नमी निर्धारित की है। फसल में थोड़ी सी अधिक नमी होने के कारण खरीद नहीं हो सकी। सरकार को कुछ नमी में छूट देनी चाहिए।
-अमरनाथ, किसान।
मंडी में 7 एकड़ की गेहूं की फसल लेकर पहुंचा हूं। गेहूं में नमी की मात्रा अधिक होने के कारण खरीद नहीं हुई है। मौसम को देखते हुए फसल की कटाई की है ताकि बारिश होने पर नुकसान न हो।
-गुरमेल सिंह, किसान।
:: अनाज मंडी गेहूं की आवक बढ़ रही हैं। किसानों से अपील है कि वे फसल को पूरी तरह सुखाकर ही मंडी लाएं ताकि उन्हें बेचने में परेशानी न हो। गेट पास कटवाने में परेशानी न हो इसके किसान अपनी कागजात साथ लेकर आए।
-अमित रोहिल्ला, मार्किट कमेटी सचिव, फतेहाबाद।