शहर के सिरसा-हिसार रोड से बारिश के दौरान गुजरते वाहन चालक। संवाद
फतेहाबाद। दिनभर बादलवाही के बाद क्षेत्र में शुक्रवार शाम हुई बारिश ने राहत उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई है। हालांकि जलनिकासी व्यवस्था ठीक न होने से हल्की बारिश से शहर के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बीघड़ चौक, जवाहर चौक, लाल बत्ती चौक और भट्टू कलां रोड पर जलभराव से वाहन चालकों और पैदल यात्रियों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा।
शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जिले में 30 जुलाई तक मौसम के परिवर्तनशील रहने के आसार हैं।
धान, नरमा और कपास को होगा फायदा:
कृषि विकास अधिकारी डॉ. बहादुर गोदारा ने बताया कि बारिश की यह फुहारें खरीफ की फसलों के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं हैं। पिछले कुछ दिनों से बारिश की कमी के कारण फसलों को पानी की सख्त जरूरत थी। ऐसे में यह बारिश फसलों के विकास के लिए बिल्कुल सही समय पर हुई है। बारिश से धान, नरमा और कपास की फसलों को मिलेगा और पौधों की बढ़वार में सहायता मिलेगी।
:: राज्य में मानसून की गतिविधियां जारी होने से 25 से 27 जुलाई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है, परंतु 27 जुलाई से मानसून ट्रफ उत्तर की तरफ बढ़ने तथा बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी की हवा चलने के आसार हैं। जिससे 28 जुलाई से 30 जुलाई के दौरान मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। जिससे दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी परंतु रात्रि तापमान में कमी आने की संभावना है ।
डॉ. मदन खिचड़, विभागाध्यक्ष मौसम विज्ञान विभाग, एचएयू, हिसार।