फतेहाबाद। शहर की भाटिया कॉलोनी के निवासियों को पिछले एक महीने से पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि नहरी आपूर्ति का पानी न केवल दूषित है, बल्कि उसमें बदबू भी आती है, जिससे पीना तो दूर, उसका उपयोग करना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय निवासी बलबीर कौर, गुड्डों, हिमांशु और रमेश आदि ने बताया कि वे पिछले 25 वर्षों से ट्यूबवेल के पानी का उपयोग कर रहे थे, जो स्वच्छ और उपयोगी था। लेकिन एक माह पूर्व जनस्वास्थ्य विभाग ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के ट्यूबवेल सप्लाई को बंद कर दिया।
9 फीट नीचे दब गई पुरानी पाइपलाइन
लोगों ने बताया कि करीब 27 वर्ष पूर्व मोहल्ले में पेयजल सप्लाई की पाइपलाइन बिछाई गई थी, जो अब गली के बार-बार हुए निर्माण कार्यों के कारण लगभग 9 फीट नीचे दब चुकी है। इससे पानी का दबाव बेहद कम हो गया था। जब इसे ठीक करने विभाग के कर्मचारी पहुंचे तो उन्होंने ट्यूबवेल से जुड़ी पाइपलाइन का कनेक्शन ही काट दिया, जिससे संकट और गहरा गया।
नहरी पानी से आ रही दुर्गंध
नहरी पानी की सप्लाई सीमित समय कभी-कभी केवल 20 मिनट के लिए ही होती है और वह भी इतनी खराब गुणवत्ता का होता है कि इस्तेमाल करना कठिन हो गया है। स्थानीय लोगों को शक है कि नहरी पानी में किसी लीक पाइपलाइन के कारण गंदा पानी मिल रहा है, जिससे बदबू आती है।
प्रशासन और जनप्रतिनिधि कर रहे अनदेखी
कॉलोनीवासियों ने बताया कि उन्होंने कई बार जनस्वास्थ्य विभाग के जूनियर इंजीनियर और वार्ड 25 के नगर पार्षद से शिकायत की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। विभाग की ओर से केवल नहरी पानी की आपूर्ति जारी रखने की बात कही जा रही है। अब स्थिति यह है कि कई परिवार अपने पड़ोसियों के घरों से पानी भरकर ला रहे हैं, जहां निजी सबमर्सिबल पंप लगे हैं। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्यूबवेल से जल आपूर्ति बहाल की जाए या नहरी जल आपूर्ति को स्वच्छ और सुचारु बनाया जाए।
-
भाटिया कॉलोनी में सुबह और शाम नहरी पानी की सप्लाई दी जा रही है। अब टयूबवेल के पानी की सप्लाई देने के लिए कनेक्शन जारी कर दिया जाएगा। मोहल्ला में पानी पेयजल की किल्लत नहीं हैं। - बलविंद्र, सिंह जेई, जनस्वास्थ्य विभाग, फतेहाबाद।