फतेहाबाद। सेक्टर-10 स्थित दशहरा मैदान में पटाखों की बिक्री के लिए 14 अस्थाई स्टॉल लगाई गई हैं। यहां रविवार रात तक पटाखे बिकेंगे। स्टॉलों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ जुटने की संभावना के चलते प्रशासन ने सुरक्षा के लिए अग्निशमन वाहन और पानी का टैंकर तैनात किया है।
विज्ञापन
अग्निशमन विभाग का वाहन स्टॉल लगने के बाद दोपहर करीब एक बजे मौके पर पहुंचा। इसके बाद इसे स्टॉलों के आसपास खड़ा किया गया। आगजनी या किसी अन्य आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के लिए पानी का टैंकर भी उपलब्ध रखा गया है।
तीन दिनों तक चलने वाली पटाखों की बिक्री के दौरान दशहरा मैदान में लोगों की आवाजाही रहेगी। ऐसे में आग से बचाव के इंतजामों पर नजर रखी जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में समय रहते आग पर काबू पाया जा सके।