फतेहाबाद। अत्यधिक ठंड का असर शिशु से लेकर बुजुर्ग तक की सेहत पर पड़ रहा है। नागरिक अस्पताल में रोजाना वायरल बुखार की 100 से ज्यादा मरीजों की ओपीडी आ रही है। बच्चे भी निमोनिया और वायरल के शिकार हो रहे हैं। नर्सरी में वायरल पीड़ित चार से पांच शिशु रोजाना दाखिल हो रहे हैं। इस स्थिति के बीच परेशान करनी वाली बात यह है कि नागरिक अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक लंबी छुट्टी पर है और सलाहकार ओपीडी संभाल रही हैं। इधर, जिले में स्वाइन फ्लू के बढ़ते केस ने भी लोगों को परेशान कर रखा है। वीरवार को भी स्वाइन फ्लू के संक्रमण का एक केस मिला।
नागरिक अस्पताल में निमोनिया संक्रमित बच्चों की संख्या बढ़ने लगी है। तीमारदार परेशान हैं। विशेषज्ञ डॉ. मनीष टुटेजा लंबी छुट्टी पर चल रहे हैं और अगले सप्ताह ज्वाइन करेंगे। ऐसे में एनसीडी क्लीनिक संभाल रहीं सलाहकार डॉ. सुनीता सोखी को इन मरीजों की ओपीडी भी देखनी पड़ रही है। यही नहीं ठंड के कारण शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. वरुण मुंजाल की ओपीडी भी बढ़ी है। शिशु रोग विशेषज्ञ के पास ओपीडी में ऐसे बच्चे अधिक आ रहे हैं जिन्हें खांसी, जुकाम, बुखार की शिकायत है। इसके अलावा बच्चे दूध नहीं पी रहे हैं। कई बच्चों को बच्चों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही है। गंभीर बच्चों को दाखिल किया जा रहा है, वहीं सामान्य लक्षण वालों को दवाइयां देकर उपचार दिया जा रहा है। वायरल ठीक होने में 7 से 10 दिन का समय लग रहा है।
दवाइयों की कमी जल्द होगी दूर
कार्यकारी वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नागरिक अस्पताल में दवाइयों की कमी जल्द दूर हो जाएगी। सिजेरियन का सामान आ चुका है। इसके अलावा डिस्पेंसरी की दवाइयां शुक्रवार को वेयर हाउस से आ जाएंगी। डॉ. मनीष सोमवार को ड्यूटी ज्वाइन कर लेंगे।
कोट
ठंड के कारण बच्चे निमोनिया और वायरल की चपेट में आ रहे हैं। मां-बाप बच्चों का विशेष ध्यान रखें। टोपी -जुराबें डालकर रखें। बच्चों को बाहर न निकालें। बच्चों को पौष्टिक आहार दें। ठंडे खाद्य पदार्थों का सेवन न करने दें। बचाव ही सबसे बड़ा उपचार है।
-डॉ. वरुण मुंजाल, शिशु रोग विशेषज्ञ
कोट
ठंड के कारण वायरल बुखार की ओपीडी बढ़ी है। खांसी, जुकाम बुखार के केस आ रहे हैं। लोग जरूरी काम पर ही घर से बाहर निकले। बुजुर्ग घर पर ही रहें और गर्म कपड़े डालकर रखें। जो दवाई चल रही है उसे लेते रहें। ठंड में बीपी अनियंत्रित होने का ज्यादा खतरा रहता है और इसके चलते ही हार्ट फेल या हार्ट अटैक होता है। खुद को ठंड से बचाकर रखें।
- डॉ. सुनीता सोखी, सलाहकार, नागरिक अस्पताल