गांव आकावाली में जाम लगाए ग्रामीण। सवाद
टोहाना। गांव अकांवाली में बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को टोहाना-रतिया मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे तक चले जाम से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति व्यवस्था खराब बनी हुई है। दिन और रात में बार-बार कट लगने के साथ लो-वोल्टेज की समस्या भी जारी है। इसके चलते बिजली उपकरण ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। गर्मी के मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण बिल्लू राम, सुरेश, विनोद और रमेश सहित अन्य लोगों ने कहा कि बिजली विभाग को कई बार समस्या से अवगत कराया गया लेकिन स्थायी समाधान नहीं हुआ। आश्वासन मिलने के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं होने से ग्रामीणों ने सड़क पर उतरने का फैसला लिया। जाम की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया।
ग्रामीण बिजली निगम अधिकारियों के मौके पर पहुंचने और समाधान का भरोसा मिलने तक जाम हटाने को तैयार नहीं हुए। बाद में बिजली निगम के जेई अजीत सिंह मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत कर जल्द व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया और मार्ग पर यातायात बहाल हो गया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा आंदोलन करेंगे।