भूना। गांव गोरखपुर के शराब ठेकेदार पर लगातार बदमाश विक्रम भांभू व उसके गुर्गों द्वारा किए जा रहे हमलों के पीछे रंगदारी नहीं देने की रंजिश है। बदमाशी के दम पर विक्रम भांभू ने 9 जून 2014 में अपराध की दुनिया में कदम रखा था। उस पर पहली बार घर में घुसकर मारपीट करने व जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया गया था।
इसके बाद 26 सितंबर 2014 को गांव जांडली खुर्द के पास निजी बस के टिकट चेकर को गोली मार दी थी। उस वारदात के बाद एक के बाद एक विक्रम भांभू पर सिरसा और फतेहाबाद के आठ पुलिस स्टेशन में हत्या, हत्या प्रयास, डकैती, लूटपाट, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी देने के 22 मुकदमे दर्ज हुए।
रामफल उर्फ बच्ची ने गोरखपुर के ठेकेदार से मंथली लेकर देखने के लिए उकसाया
गांव गोरखपुर के ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने बताया कि फरीदपुर के ठेकेदार रामफल उर्फ बच्ची से विक्रम भांभू 35 हजार रुपये महीना मंथली लेता था। उस ठेकेदार ने भांभू पर व्यंग्य कसते हुए कहा कि अगर हिम्मत है तो गोरखपुर के ठेकेदार राजा से मंथली लेकर देख लो। इसके बाद भांभू ने अप्रैल 2021 में गोरखपुर के शराब के ठेके पर जाकर ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा को अपना परिचय दिया था।
इसके बाद उसने शराब ठेके में पार्टनरशिप करने या दो लाख रुपये प्रति महीना मंथली देने की मांग की थी। परंतु ठेकेदार ने विक्रम भांभू को अपने कदम नापने और भविष्य में ठेके की तरफ न देखने की चेतावनी दे दी थी। ठेकेदार व बदमाश के बीच तू-तड़ाक होने के एक सप्ताह बाद ही गोरखपुर में ठेके पर फायरिंग कर दी गई। हमले में विक्रम भांभू व उसका साथी मनदीप शामिल बताए गए। परंतु ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने भी बदमाशों का डटकर मुकाबला किया। उस दौरान एक गोली ठेकेदार की बाजू पर लग गई थी।
वारदात को अंजाम देकर हमलावर मौके से भाग गए। पुलिस ने हत्या प्रयास का मुकदमा दर्ज किया और विक्रम भांभू को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। 8 सितंबर 2021 को भांभू गैंग के चार बदमाशों ने पुन: ठेकेदार पर गोरखपुर ठेके पर जानलेवा हमला कर दिया। इसमें ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा के पांव में गोली लगी थी। ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा ने हत्या प्रयास के मामले में न्यायालय में गवाही दी। इसके बाद विक्रम भांभू को 10 साल की सजा हो गई, तभी से वह अब तक जेल में बंद है। अब 9 अक्तूबर को इसी गैंग से जुड़े पांच गुर्गों ने जांडली कलां बस स्टैंड पर आकर कई राउंड फायर किए। इस दौरान ठेकेदार राजकुमार उर्फ राजा और उसके साथी सुशील बिढ़ाईखेड़ा व जोगिंदर उर्फ जोगा बाल-बाल बच गए थे।
इन थानों में विक्रम भांभू पर दर्ज है 22 केस
पुलिस के आपराधिक रिकॉर्ड में विक्रम भांभू पर सिरसा और फतेहाबाद के आठ पुलिस स्टेशनों में विभिन्न आपराधिक धाराओं के तहत केस दर्ज हैं। इनमें भूना, डिंग, रतिया, नाथूसरी चोपटा, सिटी सिरसा, अग्रोहा, फतेहाबाद, भट्टू कलां व जाखल आदि शामिल हैं। इनमें भूना व सिरसा पुलिस स्टेशन में सर्वाधिक मामले दर्ज हैं।
-
:: बदमाश विक्रम भांभू पर 22 केस दर्ज हैं। इस समय वह जेल में 10 साल की सजा काट रहा है। चार दिन पहले शराब ठेकेदार पर हुए हमले में शामिल बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
-जगदीश कुमार, डीएसपी, भूना