फतेहाबाद/भट्टूकलां। भट्टूकलां थाना में तैनात सब इंस्पेक्टर जीतराम को विजिलेंस की टीम ने चार हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। सब इंस्पेक्टर सड़क दुर्घटना के केस में गाड़ी की सुपुर्ददारी और जमानत करवाने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। सात हजार रुपये में डील हुई थी। दो दिन पहले तीन हजार रुपये ले लिए थे। विजिलेंस ने सब इंस्पेक्टर जीतराम के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया है।
राज्य चौकसी ब्यूरो के डीएसपी राकेश कुमार ने बताया कि गांव बनमंदोरी निवासी सहदेव की कार से बीते दिनों एक बाइक को टक्कर लग गई थी। जिसमें बाइक चालक की मौत हो गई थी। इस मामले में 8 जून 2021 को मामला दर्ज हुआ था। इस दौरान सहदेव कोरोना संक्रमित हो गया था। इसके बाद जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर जीतराम ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया था। शिकायत में सहदेव ने बताया कि उसने गाड़ी की सुपुर्ददारी करवानी थी। सब इंस्पेक्टर जीतराम गाड़ी की सुपुर्ददारी और बेल करवाने की एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगने लगा और सात हजार रुपये में डील हो गई। दो दिन पहले सब इंस्पेक्टर तीन हजार रुपये ले लिए और चार हजार रुपये सोमवार को देने थे। सहदेव ने विजिलेंस को मामले की सूचना दी। सब इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते हुए पकड़ने के लिए टीम का गठन किया गया। सोमवार को विजिलेंस के डीएसपी राकेश कुमार के नेतृत्व में टीम भट्टूकलां पहुंच गई और सहदेव को केमिकल लगे दो-दो हजार के दो नोट पकड़ा दिए। जैसे ही सहदेव ने एसआई को नोट पकड़ाए टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे रंगे हाथों रिश्वत लेते काबू कर लिया।