रतिया। मार्केट कमेटी के नवनियुक्त वाइस चेयरमैन कुलवंत सैनी ने बुधवार को मार्केट कमेटी कार्यालय और अनाज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने मंडी में सफाई और लाइट व्यवस्था सुधारने के साथ कुछ अन्य मांगें भी रखीं।
वाइस चेयरमैन सैनी ने इसके बाद कार्यालय में सचिव राजकुमार और अन्य कर्मचारियों की बैठक ली। उन्होंने सचिव को निर्देश दिए कि अनाज मंडी और मार्केट कमेटी कार्यालय में सफाई और लाइट व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि वे समय पर कार्यालय में पहुंचें और आने वाले व्यापारियों व किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ हल करवाएं। सैनी ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आदेशों के तहत वे किसानों, व्यापारियों और अधिकारियों के बीच एक कड़ी का काम करेंगे और हर समस्या का समाधान करवाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वे प्रतिदिन कार्यालय में बैठकर व्यापारी और किसानों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करने का प्रयास करेंगे।
इस अवसर पर एडवोकेट प्रवीण चंदेल, तरसेम सैनी सहित अन्य कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद थे।