फतेहाबाद मेरी फसल मेरा ब्योरा, पोर्टल पर दर्ज किसानों की फसलों के मिसमैच डाटा का सत्यापन करते ए
फतेहाबाद। अतिरिक्त उपायुक्त अनुराग ढालिया ने राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ गांव भोडिया खेड़ा और अहरवां में खेतों का दौरा किया। इस दौरान मौके पर ही मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर किसानों की दर्ज फसलों के मिसमैच डाटा का सत्यापन किया। एडीसी ने किसानों से उनकी फसल संबंधी जानकारी ली और पोर्टल पर दर्ज विवरण से मिलान किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि सभी किसानों की फसलों का सही डाटा पोर्टल पर अपडेट किया जाए, ताकि उन्हें मंडी में अपनी फसल बेचने में कोई परेशानी न आए। किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे हर सीजन में अपनी फसलों का पंजीकरण मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अवश्य करवाएं।
प्रदेश सरकार की ओर से 27 मार्च तक पोर्टल को फिर से खोला गया है, ताकि जिन किसानों ने किसी कारणवश अभी तक अपनी फसलों का पंजीकरण नहीं करवाया है वे समय रहते अपनी फसल का पंजीकरण कृषि विभाग के पोर्टल मेरी फसल मेरा ब्योरा पर करवा सकें। किसानों को भी जागरूक करते हुए कहा कि वे समय-समय पर अपनी फसल की सही जानकारी पोर्टल पर दर्ज कराएं और किसी भी प्रकार की त्रुटि की सूचना संबंधित अधिकारियों को दें। इस मौके पर राजस्व विभाग के अधिकारी, कृषि विभाग के कर्मचारी और स्थानीय किसान उपस्थित रहे।