फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में दस्तावेजों की वेरिफिकेशन करते हुए अधिकारी
फतेहाबाद। मुख्यमंत्री शहरी आवास योजना के तहत हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) सेक्टर 9 के 15 एकड़ क्षेत्र में कॉलोनी तैयार की जाएगी। इस कॉलोनी में 195 पात्रों को प्लॉट आवंटित हो चुके हैं।
अब इन आवंटियों को सरकार की तरफ से मकान बनाने के लिए ढाई लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके लिए नगर परिषद कार्यालय में सत्यापन शुरू हो गया है। पात्रों के दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड होने के बाद इन आवंटियों को तीन किस्तों में ढाई लाख रुपये मिलेंगे। हालांकि सत्यापन के दौरान दावा गलत मिलने पर प्लॉट आवंटन रद्द भी किया जा सकता है।
इस योजना के तहत पिछले साल 1.80 लाख रुपये सालाना से कम आय वाले परिवारों से आवेदन मांगे गए थे। एचएसवीपी के सेक्टर 9 में 1,241 प्लॉट के लिए 887 लोगों ने आवेदन किए। इसके बाद 10,000 रुपये जमा करवाकर बुकिंग करवाने के लिए कहा गया लेकिन मात्र 195 लोगों ने ही रुपये देकर प्लॉट बुक करवाए।
पिछले साल जून में ड्राॅ निकाला गया तो 195 लोगों के नाम प्लॉट आवंटित हुए, लेकिन इन्हें एक लाख रुपये की राशि जमा करवानी है। इन आवेदकों से 20-20 हजार रुपये जमा करवाए जा चुके हैं। सत्यापन के दौरान पति-पत्नी के आधार कार्ड, परिवार पहचान पत्र, बैंक खाता संबंधी दस्तावेज लिए जा रहे हैं। अब 2,200 रुपये के हिसाब से किस्तों में राशि ली जा रही है।