फतेहाबाद। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को जिले के शहरी क्षेत्रों में टीकाकरण शिविर लगाए गए। शिविर में वंचित बच्चों को टीकाकरण किया गया। जिले भर में 25 शिविर लगाए गए। यहां पर अभिभावक बच्चों को लेकर पहुंचे और टीकाकरण करवाया।
रविवार को छुट्टी के चलते भी विभाग की तरफ से शिविर लगाए गए ताकि जो अभिभावक कार्य दिवस पर नहीं आ सकते है वह लगवा सकें। जिले में 90 फीसदी शिशुओं का टीकाकरण समय पर हो रहा है लेकिन 10 फीसदी अभी भी वंचित हैं। इसके चलते विभाग की तरफ से 15 से लेकर 20 दिसंबर तक स्पेशल टीकाकरण शिविर लगेंगे। इसमें वंचित बच्चों को टीकाकरण होगा। बच्चों का जन्म से लेकर 16 साल की उम्र तक टीकाकरण होता है।
-
शिशुओं का टीकाकरण विवरण
जन्म के समय - बीसीजी, ओपीवी, हेपेटाइटिस बी
छह सप्ताह पर - ओपीवी पहली, पेंटावेलेंट पहली, आईपीवी पहली, रोटा पहली और पीसीवी पहली डोज
10 सप्ताह पर - ओपीवी दूसरी, पेंटावेलेंट और रोटा की दूसरी डोज
14 सप्ताह पर - ओपीवी तीसरी, पेंटावेलेंट तीसरी, आईपीवी, रोटा तीसरी और पीसीवी दूसरी डोज
9 से 12 माह - एमआर पहली डोज, पीसीवी बूस्टर, जेई
16 से 24 माह - एमआर दूसरी डोज, डीपीटी बी, ओपीवी बी, जेई
5 से 6 साल - डीपीटी बूस्टर डोज
10 साल - टीडी
16 साल - टीडी
-
अभियान के तहत गर्भवती का भी होगा टीकाकरण
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग गर्भवती महिलाओं का भी टीकाकरण करेगा। इस दौरान गर्भवती को टिटनेस और डिप्थीरिया से सुरक्षा के लिए टीडी एक, टीडी दो और टीडी बूस्टर डोज दी जाएंगी। समय पर टीकाकरण से मां और नवजात दोनों सुरक्षित रहते हैं और जटिलताओं की आशंका कम होती है।
-
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से 15 से लेकर 20 दिसंबर तक विशेष टीकाकरण सप्ताह मनाया जा रहा है। अभियान के दौरान वंचित बच्चों और गर्भवती का टीकाकरण होगा। इसका उद्देश्य बच्चों को पोलियो, टिटनेस, गलघोटू, काली खांसी, निमोनिया समेत गंभीर बीमारियों से बचाना है।
- डॉ. सन्नी मल्होत्रा, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी