फतेहाबाद के शिवालय मार्केट के सामने सिरसा रोड पर 11 बजकर 26 मिनट पर लगे कचरे के ढेर।
फतेहाबाद। नगर परिषद प्रशासन ठेका खत्म होने के बाद कचरा उठान को लेकर व्यवस्था नहीं बना पा रहा है। यहां तक शहर के मुख्य प्वाइंट से दोपहर 12 बजे तक भी कचरे का उठान नहीं हो रहा है।
वीरवार को शहर के पुराना बस स्टैंड के पास शिवालय मार्केट के सामने दोपहर 12 बजे तक कचरे के ढेर लगे रहे। इसके अलावा भट्टू रोड और बीघड़ रोड पर भी ये ही हालात रहे। यहां तक शहर की बाहरी कॉलोनियों में पिछले 6 दिन से डोर टू डोर कचरा उठान भी बंद है। ये हालात तब जब नगर परिषद प्रशासन कचरा उठान को लेकर प्रॉपर्टी मालिकों से यूजर चार्ज ले रहा है।
हालांकि नगर परिषद प्रशासन ने वीरवार को कचरा उठान को लेकर सात गाड़ियां और लोडर सिरसा की एजेंसी से अनुबंध पर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि शुक्रवार को व्यवस्था सुधरेगी। बाहरी कॉलोनियों में शुक्रवार से कचरा उठान भी शुरू हो पाएगा।