रामलीला में रावण दरबार का दृश्य दरबार: संवाद
रतिया। शक्ति नगर स्थित बाबा बंदा सिंह बहादुर गुरुद्वारा ग्राउंड में चल रही रामलीला के आठवें दिन शुक्रवार रात शूर्पणखा की नाक काटने का प्रसंग मंचित किया गया। पंचवटी में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के दौरान रावण की बहन शूर्पणखा श्रीराम और लक्ष्मण पर मोहित हो जाती है और विवाह का प्रस्ताव रखती है।
बार-बार अस्वीकार किए जाने पर वह क्रोधित होकर माता सीता पर हमला करने दौड़ती है। इस पर लक्ष्मण उसकी नाक काट देते हैं। अपमानित शूर्पणखा अपने भाइयों खर-दूषण को बदला लेने के लिए उकसाती है। इसके बाद श्रीराम और राक्षसों के बीच युद्ध का प्रसंग दिखाया गया। आगे चलकर यही घटना रावण द्वारा माता सीता के हरण की भूमिका तैयार करती है।
रामलीला मंचन में मदर इंडिया कान्वेंट स्कूल के प्रिंसिपल लोकेश खुराना, प्राइवेट स्कूल संघ के जिला अध्यक्ष एवं अपेक्स स्मार्ट स्कूल के डायरेक्टर शैलेंद्र रोमी गोस्वामी तथा राष्ट्रीय ग्रामीण शिक्षा रतिया के निदेशक राजीव धमीजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस मौके पर शक्ति नाटक क्लब के कमेटी प्रधान राजेश सेतिया, रवि मिढा, अंशुल बत्रा, सचिन ललित, करनैल सिंह आदि मौजूद रहे।