फतेहाबाद। बैठक में भाग लेते जनस्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी। स्त्रोत संगठन
फतेहाबाद। जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता बलविंद्र नैन को सस्पेंड किए जाने से खफा कर्मचारियों ने अधिकारी की बहाली न होने पर 25 फरवरी को शहर की सीवरेज व पेयजल सप्लाई बंद करने की चेतावनी दी है। कर्मचारी 24 फरवरी को शहर में प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन भी सौंपेंगे।
यह निर्णय शुक्रवार को ऑल हरियाणा पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर्स की तीनों यूनियनों, डिप्लोमा इंजीनियरिंग संगठल, क्लेरिकल यूनियन की संयुक्त बैठक में लिया गया। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग कार्यालय में हुई इस बैठक की अध्यक्षता प्रधान धर्मपाल दरियापुर ने की। बैठक में विभाग की सभी यूनियनों से जुड़े कर्मचारियों ने भाग लिया और प्रदेश सरकार के कार्यकारी अभियंता, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग बलविंदर नैन को निलंबित किए जाने को गलत बताया।
प्रधान धर्मपाल दरियापुर ने कहा कि कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के पीए ने रात को 10 बजे फोन किया। पीए ने कहा कि फोन अटैंड क्यों नहीं किया। हालांकि, एक्सईएन ने बाद में रिप्लाई भी किया, मगर उनकी बात सुने बिना ही उनको निलंबित कर दिया गया। उनके खिलाफ की गई कार्रवाई अन्यायपूर्ण है। कर्मचारी नेता ने आरोप लगाया कि सरकार अधिकारियों और कर्मचारियों को दबाकर रखने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि अधिकारी पर हुई कार्रवाई से कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने प्रदेश सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि सरकार ने 23 फरवरी तक एक्सईएन के निलंबन के आदेश वापस नहीं लिए तो विभाग के सभी कर्मचारी 24 फरवरी को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक जनस्वास्थ्य विभाग कार्यालय पर धरना देंगे।
इसके बाद रोष प्रदर्शन करते हुए कर्मचारी लघु सचिवालय जाएंगे और उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद भी अगर प्रदेश सरकार कार्यकारी अभियंता का निलंबन रद्द नहीं करती है तो 25 फरवरी को जिले में सीवरेज व पानी की सप्लाई व्यवस्था बंद कर दी जाएगी और कर्मचारी पूरा दिन जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे। फिर भी अधिकारी की बहाली न होने पर हड़ताल को अनिश्चितकालीन कर दिया जाएगा।