फतेहाबाद। शहर में निजी स्कूल की बस पर तोड़फोड़ करने के मामले में शहर थाना पुलिस की टीम ने मातूराम कॉलोनी निवासी दो युवकों वीरेंद्र और हैप्पी को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक नाबालिग आरोपी को जांच में शामिल करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने इनके पास से हमले में प्रयोग की गई लोहे की पाइप व रॉड को भी बरामद की है। दोनों आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।
प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए युवकों ने बताया है कि जब वे तीनों गली में खड़े थे। इसी दौरान स्कूल बस लेकर आए चालक द्वारा हॉर्न देने को लेकर विवाद हो गया था। युवकों पर आरोप है कि चालक द्वारा हॉर्न देने के बाद भी वह साइड में नहीं हुई। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा तो तैश में आकर युवकों ने बस में तोड़फोड़ कर दी। इस मामले में पुलिस ने 7 मार्च को भोडियाखेड़ा निवासी सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर केस दर्ज किया था। शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि युवकों से पूछताछ की जा रही है। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया जाएगा।