गांव गोरखपुर के परमाणु संयंत्र में ट्रैक्टर-डंपर किराये पर लगाने के नाम पर तीन दर्जन से अधिक लोगों के साथ धोखाधड़ी व जालसाजी करके ट्रैक्टर-डंपर बेचने वाले गिरोह के सदस्य सोनू कुलेरी से पुलिस ने दो ट्रैक्टर व पांच डंपर बरामद कर लिए हैं। भट्टू कलां पुलिस ने वीरवार को सोनू कुलेरी को फिर अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर लिया है। ट्रैक्टर-डंपर की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस गिरोह के मुख्य सरगना नरेश उर्फ बिट्टू चौबारा सहित चार अन्य युवकों की धरपकड़ में लगी हुई है।
बता दें कि इस गिरोह के सदस्यों ने हरियाणा व पंजाब के तीन दर्जन से अधिक लोगों को अपना निशाना बनाया है। इनमें सर्वाधिक पंजाब के संगरूर व भट्टू कला खंड के लोग ट्रैक्टर-डंपर को 35 हजार रुपये महीना किराये के लालच में देने के कारण धोखाधड़ी एवं जालसाजी का शिकार हुए हैं। डीएसपी सतेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में भट्टूकलां पुलिस ने गांव बनगांव निवासी छज्जू राम की शिकायत पर 30 जून को धोखाधड़ी का केस दर्ज किया था। छज्जूराम ने कहा था कि नरेश उर्फ बिट्टू निवासी चौबारा, कुलेरी निवासी सोनू व सुभाष तथा कुलदीप ने मिलकर अग्रोहा में दफ्तर बनाया हुआ है। उपरोक्त लोगों ने उनके पास आकर बताया कि गोरखपुर परमाणु संयंत्र में ठेका लिया हुआ है। इसलिए पावर प्लांट में मिट्टी ढुलाई व अन्य कार्यों के लिए ट्रैक्टर व डंपर चाहिए। काम लंबा चलेगा इसलिए ट्रैक्टर-डंपर का किराया 35 हजार रुपये महीना देंगे। इस पर उसने अपना ट्रैक्टर व डंपर कागजात के साथ इन्हें दे दिया। एक माह बाद उसे कोई किराया नहीं मिला तो वह गोरखपुर संयंत्र पर पहुंचा तो वहां उसे कोई ट्रैक्टर व डंपर नहीं मिला। उसने अपने साथ हुई धोखाधड़ी के बारे में पुलिस को शिकायत दी।
डीएसपी ने बताया कि इस मामले में भट्टूकलां पुलिस की टीम ने गिरोह के एक सदस्य सोनू का सुराग लगा दिया, जो कि आर्म्स एक्ट के मामले में हिसार जेल में बंद था। उसको भट्टू कलां पुलिस ने 5 जुलाई को प्रोडक्शन वारंट पर लिया और कोर्ट में पेश कर तीन दिन का रिमांड लिया था। पुलिस ने सोनू से रिमांड के दौरान उसकी निशानदेही पर पांच डंपर व दो ट्रैक्टर बरामद कर लिए हैं। रिमांड अवधि खत्म होने पर वीरवार को अदालत में पेश करके दो दिन के रिमांड पर फिर लिया है।
सीसीटीवी से पुलिस पर नजर रख रहा मुख्य आरोपी
गांव चौबारा के मुख्य आरोपी ने अपने घर के बाहर सीसीटीवी लगा रखे हैं। इस कारण पुलिस की हर गतिविधि पर तीसरी आंख का सहारा ले रहा है। गांव चौबारा निवासी नरेश उर्फ बिट्टू अपने माता-पिता का इकलौता बेटा है और दो बहनों का भाई है। उसके माता-पिता का देहांत हो चुका है। चौबारा में बिट्टू की धोखाधड़ी संबंधी गतिविधियों से हर कोई वाकिफ है।
कोट
ट्रैक्टर-डंपर की धोखाधड़ी करने वाले गिरोह के मुख्य सरगना सहित अन्य सभी को जल्द ही गिरफ्तार करेंगे। पुलिस की अलग-अलग टीमें काम कर रही हैं। अब तक हिसार व फतेहाबाद के 13 लोगों ने शिकायत दर्ज करवाई है। जिनको एक ही मुकदमे में शामिल तफ्तीश कर लिया है।
- ओमप्रकाश चुघ, एसएचओ, भट्टू थाना।