फतेहाबाद। भट्टूकलां में एक महिला के गले से मंगलसूत्र छीनने के मामले में सीआईए फतेहाबाद पुलिस की टीम ने गांव मानावाली से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए युवकों की पहचान रवि कुमार व जगतपाल उर्फ गोलू निवासी मानावाली के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से छीने गए मंगलसूत्र को बरामद कर लिया है। आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत मे हिसार भेज दिया गया।
मामले के मुताबिक भट्टूकलां पुलिस ने 19 जून 2022 को सिरसा के गांव जोगीवाला निवासी कमला देवी की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। आरोप था कि जब वह अपनी बहन के साथ भट्टूकलां बस स्टैंड से चलकर भट्टूकलां के आदमपुर बस अड्डे की तरफ जा रही थी तो मोटरसाइकिल पर आए दो युवकों में से एक युवक ने चाकू से उसके गले में से मंगलसूत्र को काट लिया और मोटरसाइकिल पर बैठकर वहां से फरार हो गए। इस मामले में अहम सुराग जुटाते हुए सीआईए फतेहाबाद पुलिस ने दोनों युवकों को गांव मानावाली से गिरफ्तार कर छीने गए मंगलसूत्र को बरामद कर लिया है। संवाद