हरियाणा के फतेहाबाद शहर के रतिया रोड और फोरलेन पर हुए अलग-अलग सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि 6 लोग घायल हो गए। फतेहाबाद के रतिया रोड पर अनियंत्रित होकर कार पलट गई।
घायलों को फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। वहीं मृतक युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। मृतक युवक की पहचान बिहार के अररिया के गांव परवनपुर निवासी मनाकुमार के रूप में हुई है।
विज्ञापन
मामले के मुताबिक बिहार के अररिया के गांव परवनपुर निवासी 18 वर्षीय मना कुमार अपने साथियों प्रमोद, शिवार और रमेश के साथ रतिया में कार में जा रहे थे। बताया जा रहा है कि रविवार रात को रतिया जाते समय झाडसाहब के पास कार अनियंत्रित हो गई और खेत में पलट गई। हादसे में चारों लोग घायल हो गए। चारों को नागरिक अस्पताल लाया गया। यहां पर मना कुमार को मृत घोषित कर दिया जबकि अन्य का उपचार चल रहा है।
सीडीएलयू से लौट रहे दंपती समेत तीन घायल
फोरलने पर सोमवार सुबह मोटरसाइकिल को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में मोटरसाइकिल सवार जींद निवासी अमित कुमार, उसकी पत्नी रीना और बेटी महक घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों मोटरसाइकिल पर सिरसा के सीडीएलयू से आ रहे थे। भूना रोड पर किसी वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी और घायल हो गए। तीनों को गंभीर चोट आई हैं। अमित का बेटा सीडीएलयू में पढ़ाई कर रहा है और वहां से तीनों मिलकर लौट रहे थे।