सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम ने आईपीएल क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाते दो लोगों को एक लाख 6 हजार की नकदी सहित काबू किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रेमनगर निवासी श्याम व किल्ला मोहल्ला निवासी सन्नी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार सीआईए स्टाफ पुलिस की टीम एचसी मनजीत सिंह के नेतृत्व में वीरवार शाम पांच बजे रेलवे स्टेशन के नजदीक मौजूद थी। उस समय सूचना आई कि किल्ला मोहल्ला निवासी सन्नी व प्रेम नगर का श्याम दोनों मिलकर श्याम के घर पर आईपीएल में राजस्थान व मुंबई की टीम के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो कमरा खुला हुआ था। जहां दोनों व्यक्ति 5 मोबाइल फोन लिए बैठे थे तथा मैच पर सट्टा लग रहे थे। पुलिस ने जब दोनों को काबू किया तो उनके कब्जे से 5 मोबाइल फोन, एक कैलकुलेटर, वाईफाई मॉडम व एक लाख 6 हजार की नकदी बरामद की। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 4,13/3/67 एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोट
सीआईए पुलिस की टीम ने दो लोगों को एक लाख 6 हजार की राशि सहित आईपीएल क्रिकेट पर सट्टा लगाते हुए काबू किया है। पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- बिरम सिंह, डीएसपी टोहाना।