फतेहाबाद के गांव हिजरावां कलां में युवक की मौत मामले में शव का पोस्टमार्टम करवाने पहुंचे ग्रामी
फतेहाबाद। गांव हिजरावां कलां में मेडिकल नशे का इंजेक्शन लेने के बाद युवक जश्नप्रीत की हुई मौत के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक जश्नप्रीत ने गांव हिजरावां कलां निवासी मंगल उर्फ मंगी से उसके घर पर मेडिकल नशे का इंजेक्शन खरीदा और वही इंजेक्शन लगाने के बाद उसकी मौत हो गई थी।
घटना के बाद शव को नागरिक अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया। शनिवार को मृतक के पिता निर्मल सिंह की शिकायत पर पुलिस ने मंगल उर्फ मंगी और गांव मुस्सेआहली निवासी लखबीर उर्फ काला के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि आरोपी लखबीर उर्फ काला के खिलाफ पहले से ही नशा तस्करी के कई गंभीर मामले दर्ज हैं। हाल ही में उसे करीब 1.24 लाख प्रतिबंधित गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पंजाब में स्मैक तस्करी, फतेहाबाद सदर थाना क्षेत्र में 120 किलोग्राम चूरापोस्त रखने और रतिया थाना क्षेत्र में वर्ष 2016 तथा 2017 में प्रतिबंधित गोलियों की तस्करी के कुल 13 मामले दर्ज हैं।
अविवाहित था युवक
परिजनों के मुताबिक युवक जश्नप्रीत अविवाहित था और घर का बड़ा बेटा था, लेकिन दिवाली से पूर्व ही घर का चिराग बुझ गया। ग्रामीणों ने बताया कि नशे की ओवरडोज से मौत के मामले लगातार बढ़ रहे। हेरोइन नशा न मिलने पर युवक प्रतिबंधित गोलियों का चूरा बनाकर बनाकर उसे पानी में घोलकर इंजेक्शन के जरिये ले रहे हैं। इस कारण से उनकी मौत भी हो रही है।