फतेहाबाद। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने पुराने सिक्के-नोट खरीदने के नाम पर एक लाख साढ़े 4 हजार रुपये ठगी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों सुरिंद्र सिंह निवासी हरगोविंद नगर और बिट्टू निवासी जीवन नगर बस्ती, जिला फरीदकोट (पंजाब) से 12 हजार रुपये बरामद किए हैं।
थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि टोहाना निवासी जितेंद्र ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दी थी कि फेसबुक और इंस्टाग्राम पर पुराने सिक्के और नोट खरीदने के विज्ञापन देखा था। जब उसने दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो आरोपियों ने उसे झांसे में लेते हुए विभिन्न शुल्क के नाम पर कई बार ऑनलाइन पैसे ट्रांसफर करवा लिए। पीडि़त ने बताया कि आरोपियों ने उससे विभिन्न ट्रांजेक्शन के जरिये 1,04,549 रुपये ठग लिए। जब उसे अहसास हुआ तो ठगी की शिकायत दी। शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम फतेहाबाद में 21 मार्च को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी।