फतेहाबाद। ऑनलाइन निवेश के नाम पर लोगों से ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों आदित्य उर्फ गग्गू और निरवैर सिंह निवासी गांव संघा, जिला मानसा (पंजाब) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों को नियमानुसार जमानत पर रिहा कर दिया।
विज्ञापन
जांच अधिकारी एवं थाना साइबर क्राइम प्रभारी निरीक्षक राहुल देव ने बताया कि 30 अगस्त को अपराध जांच शाखा की टीम ने भट्टूकलां में देवीलाल पार्क के पास स्थित एक कार्यालय पर छापा मारा था। इस दौरान ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक मुनाफे का लालच देकर ठगी करने वाले नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
पुलिस ने मौके से दो लोगों को काबू कर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे 31 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप और अन्य दस्तावेज बरामद किए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी निवेश कंपनियों के प्रतिनिधि बनकर लोगों को आकर्षक रिटर्न का झांसा देते थे। इसके लिए फर्जी बैंक खातों, सिम कार्ड और ऑनलाइन माध्यमों का इस्तेमाल किया जाता था।