फतेहाबाद। टोहाना में एक फल कारोबारी साइबर ठगी का शिकार हो गया है। ठग ने सेब के कारोबार का झांसा देकर उससे दो लाख रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम पुलिस ने शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में विकास ठकराल ने बताया कि 17 अगस्त को उसके मोबाइल फोन पर कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को जम्मू कश्मीर का अब्दुल रसीदवानी बताया। उसने विकास को सेब के कारोबार में अच्छे मुनाफे का लालच दिया।
अब्दुल ने आठ से दस टन सेब भेजने की बात कही जिसका बिल करीब छह से सात लाख रुपये बताया। उसने विकास से दो लाख रुपये अग्रिम भुगतान के तौर पर जमा करने को कहा। विकास उसकी बातों में आ गया और दो अलग-अलग बैंक से 1,50,000 और 50,000 रुपये एनईएफटी के जरिये जमा कर दिए।
भुगतान के बाद अब्दुल रसीदवानी ने माल भेजने का आश्वासन दिया। उसी दिन शाम करीब छह बजे फिर फोन आया और बाकी भुगतान तुरंत करने को कहा जिस पर विकास ने मना कर दिया। विकास ने अपने पैसे वापस मांगे तो अब्दुल ने अगले दिन लौटाने का वादा किया।
18 अगस्त को अब्दुल ने पैसे लौटाने से इन्कार कर दिया और फोन उठाना बंद कर दिया। विकास ने 19 अगस्त को साइबर पोर्टल पर शिकायत दी। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद 20 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
-
लोगों से ऑनलाइन कारोबार में सतर्क रहने की अपील है। अज्ञात के झांसे में आकर अग्रिम भुगतान न करने की सलाह दी गई है। किसी भी संदिग्ध कॉल या प्रस्ताव की तुरंत पुलिस को सूचना दें। वित्तीय लेनदेन से पहले व्यक्ति और कंपनी की पूरी जांच-पड़ताल करें।
- निकिता खट्टर, एसपी