ब्लैक फंगस से भट्टूकलां के शिक्षक समेत दो की अग्रोहा मेडिकल में मौत हुई है। गांव नहला निवासी 51 वर्षीय व्यक्ति का अग्रोहा मेडिकल में उपचार चल रहा था। यहां पर उपचार के दौरान सोमवार देर रात को मौत हो गई। इसके अलावा मंगलवार को भट्टूकलां निवासी शिक्षक की अग्रोहा मेडिकल में मौत हुई है। भट्टूकलां की एसएमओ डॉ. सुजाता बंसल ने पुष्टि करते हुए बताया कि मंगलवार को ब्लैक फंगस के कारण भट्टूकलां निवासी शिक्षक की मौत हो गई है।
जिले में अब तक 10 मौतें हो चुकी है। इसमें 8 अग्रोहा मेडिकल तथा दो मरीजों ने घर पर ही दम तोड़ा है। वहीं मंगलवार को तीन नए आशंकित मरीज मिले हैं। जिले में अब तक 34 आशंकित मरीज मिल चुके हैं और 28 की पुष्टि हुई है। नागरिक अस्पताल के ईएनटी विभाग में ओपीडी बढ़ गई है। लोग ब्लैक फंगस के डर से जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। रोजाना 10 से 15 मरीज ब्लैक फंगस की जांच करवाने के लिए पहुंच रहे हैं।
ये हैं ब्लैक फंगस के लक्षण
आंख और नाक के आसपास दर्द या लालिमा होना, सिरदर्द, सांस लेने में परेशानी, मानसिक भ्रम, बुखार, खांसी, उल्टी में खून।
कोट
ब्लैक फंगस को लेकर अगर कोई भी लक्षण है तो फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल में जांच जरूर करवाएं। समय रहते जांच करवाना जरूरी है। पहले कोरोना संक्रमित हुए थे और अब ठीक हैं तो शुगर कंट्रोल में रखें। इसके अलावा कोई भी डॉक्टर की सलाह के बिना दवा न लें।
- डॉ. विष्णु मित्तल, जिला महामारी अधिकारी।