फतेहाबाद में परीक्षा के दौरान छात्रा से बरामद फोन
- फोटो : Fatehabad
फतेहाबाद। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की तरफ से वीरवार को बारहवीं कक्षा की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा ली गई। जिले के 69 केंद्रों पर करीब 7510 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, इस दौरान फ्लाइंग टीम ने नकल के 10 केस पकड़े हैं। टीम ने जांच के दौरान दो लड़कियों से कीपैड फोन, पांच के पास पर्चियां बरामद की तो वहीं दो ने उत्तर पुस्तिकाएं आपस में बदल रखी थी। इसके अलावा एक परीक्षार्थी ने प्रश्नपत्र पर निशान लगा रखे थे। टीमों ने नकल के 10 केस बनाकर बोर्ड को रिपोर्ट भेज दी है।
शिक्षा विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बोर्ड चेयरमैन की स्पेशल फ्लाइंग ने नकल के 6 केस बनाए हैं। फ्लाइंग सदस्य सरोज ने बताया कि टीम जब कुलां के राजकीय स्कूल में बनाए गए केंद्र पर पहुंची तो यहां पर जांच के दौरान एक लड़की से पर्चियां बरामद हुई। लड़की ने शर्ट में पर्चियां छिपा रखी थी। इसके बाद टीम गांव इंदाछुई के मॉडल संस्कृति स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पहुंची। यहां पर टीम को जांच के दौरान दो लड़कियों के पास से कीपैड फोन बरामद हुए, दोनों लड़कियों ने शर्ट में मोबाइल छिपा रखा था। इसके अलावा एक लड़की से इसी सेंटर से पर्चियां मिली और और दो अन्य लड़कों से पर्चियां बरामद हुई। बोर्ड सचिव स्पेशल फ्लाइंग ने नकल के तीन केस बनाए है। टीम ने हिजरावां कलां के राजकीय स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में जांच के दौरान दो परीक्षार्थियों को पकड़ा, दोनों ने उत्तरपुस्तिकाएं बदल रखी थी। नागपुर के परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थी के पास से पर्ची बरामद हुई। इसके अलावा बोर्ड की स्पेशल टास्क फोर्स ने नागपुर के परीक्षा केंद्र में नकल का एक केस बनाया है। यहां पर परीक्षार्थी ने प्रश्नपत्र एक-एक नंबर के प्रश्नों पर निशान लगा रखे थे।
परीक्षा को लेकर उड़नदस्तों ने यहां की जांच
उड़नदस्ता केंद्र जांचे यूएमसी बनाए
डीसी 4 0
एसडीएम फतेहाबाद 6 0
एसडीएम रतिया 3 0
एसडीएम टोहाना 6 0
डीइओ 1 0
चेयरमैन स्पेशल रतिया 6 0
चेयरमैन स्पेशल टोहाना 3 0
बोर्ड चेयरमैन स्पेशल 3 6
सचिव स्पेशल 5 3
प्रश्नपत्र 3 0
वाइस चेयरमैन 5 0
प्रश्नपत्र रतिया 3 0
प्रश्नपत्र टोहाना 5 0
एसटीएफ द्वितीय 5 1
कोट
बारहवीं कक्षा की राजनीतिक विज्ञान की परीक्षा थी। परीक्षा को लेकर जिले में 14 उड़नदस्तों ने चेकिंग की। इस दौरान नकल के 10 केस बनाए गए हैं। इसके अलावा जिले में परीक्षा शांतिपूर्वक रही है।
-दयानंद सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी