फतेहाबाद के नगर परिषद कार्यालय में प्रॉपर्टी आईडी को स्वयं सत्यापित करवाते हुए प्रॉपर्टी मालिक
फतेहाबाद। गृहकर पर छूट के दो दिन बाकी रह गए हैं। इसके चलते शनिवार और रविवार को नगर परिषद कार्यालय फतेहाबाद में गृहकर ब्रांच खुली रहेगी। इसके अलावा स्पेशल हेल्प डेस्क भी शुरू किया गया है। इस हेल्प डेस्क पर प्रॉपर्टी मालिक आईडी स्वयं सत्यापित करवा पाएंगे। जिले में अब तक मात्र आठ फीसदी प्रॉपर्टी ही स्वयं सत्यापित हुई है। छूट का फायदा भी तभी मिलेगा, जब प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित होगी। इसके चलते नगर परिषद प्रधान राजेंद्र सिंह खिंची के निर्देश पर कर्मचारियों की छुट्टी रद्द की गई है।
नगर निकाय ने गृहकर को लेकर मौजूदा वर्ष 2023-24 के हाउस टैक्स पर 15 फीसदी और बकाया को एकमुश्त भरने पर ब्याज माफी दी है।प्रॉपर्टी मालिकों को जानकारी न होने के कारण जिले में मात्र सात से आठ फीसदी प्रॉपर्टी ही स्वयं सत्यापित हुई है।
32 करोड़ गृहकर है बकाया :
नगर परिषद का फतेहाबाद में करीब 32 करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। इसमें सबसे ज्यादा गृहकर सरकारी बिल्डिंगों का है। पिछले वित्तीय वर्ष में नगर परिषद गृहकर मात्र तीन करोड़ से ही वसूल पाया था, जबकि इससे पहले के वित्तीय वर्ष में करीब 20 करोड़ रिकवरी हुई थी।
फतेहाबाद शहर में ये है प्रॉपर्टी
रिहायशी प्रॉपर्टी - 14417
कर्मिशियल प्रॉपर्टी - 4097
आद्योगिक प्रॉपर्टी - 112
खाली प्लॉट - 7989
स्पेशल कैटेगरी - 615
मिक्स प्रॉपर्टी - 2571
-
नगर निकाय ने मौजूदा गृहकर पर 15 फीसदी छूट दी है। इसके अलावा पिछले गृहकर को एक साथ भरने पर ब्याज में सौ फीसदी की छूट दी गई है। ये छूट 31 दिसंबर तक दी गई है। छूट का फायदा तभी मिलेगा, जब प्रॉपर्टी आईडी स्वयं सत्यापित की जाएगी। पार्षदों ने स्पेशल डेस्क शुरू करने की मांग की थी। इसको लेकर नगर परिषद कार्यालय में जनसुविधा को लेकर 31 दिसंबर तक गृहकर शाखा खुली रहेगी और हेल्प डेस्क पर स्वयं सत्यापित करवाने की सुविधा भी मिलेगी।
- राजेंद्र सिंह खिंची, प्रधान नगर परिषद