फतेहाबाद। जिले में सोमवार को तीन वर्षीय बच्चे समेत दो कोरोना संक्रमित मिले हैं। एक कोरोना संक्रमित अस्पताल में भर्ती है, जबकि बच्चा होम आइसोलेट है। जिले में एक्टिव केसों की संख्या 13 हो गई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक फतेहाबाद के मॉडल टाउन निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग कोरोना संक्रमित मिला है, जिसे निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इसके अलावा गांव धारनियां निवासी तीन वर्षीय बच्चा संक्रमित मिला है। बच्चे की हालत ठीक है और होम आइसोलेट है। सोमवार को कोरोना संक्रमण दर 2.24 फीसदी रही है।
334 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित
कोरोना संक्रमण को लेकर सोमवार को जिले में 89 सैंपल लिए गए हैं। इसमें आरटीपीसीआर के 84 और रेपिड एंटीजन के 5 सैंपल लिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के मुताबिक लैब से 334 सैंपलों की रिपोर्ट लंबित है। जिले में अब तक 429733 कोरोना सैंपल लिए जा चुके हैं। इसमें 20273 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
कोरोना संक्रमण के जिले में दो नए केस मिले है। लोगों से अपील है कि कोरोना संक्रमण को लेकर लापरवाही न बरतें और लक्षण दिखने पर जांच जरूर करवाएं।
- डॉ.विष्णु मित्तल, जिला महामारी रोकथाम अधिकारी